उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

सांसद अजय भट्ट के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, विजयपुर गांव को मिली सड़क और कॉजवे निर्माण की सौगात

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। गौलापार क्षेत्र के विजयपुर गांव की वर्षों पुरानी सड़क सुविधा की मांग अब पूरी होने जा रही है। शासन ने विजयपुर–पहाड़पानी पैदल मार्ग को मोटर मार्ग में परिवर्तित करने तथा सुखी नदी पर कॉजवे निर्माण की योजना को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।

राज्य योजना के अंतर्गत स्वीकृत इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत जनपद नैनीताल की लालकुआं विधानसभा के विकासखंड हल्द्वानी स्थित विजयपुर–पहाड़पानी पैदल मार्ग का सुधारीकरण एवं पुनर्निर्माण किया जाएगा। साथ ही देवला मल्ला से किलोमीटर-2 तक सड़क निर्माण कार्य के अलावा सुखी नदी पर कॉजवे का निर्माण भी कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  एसएसपी नैनीताल ने कंधों पर सजाए स्टार, दो उपनिरीक्षकों को मिली बड़ी जिम्मेदारी

सांसद अजय भट्ट ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से इस मार्ग को मोटर मार्ग में परिवर्तित करने की मांग की जा रही थी। ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए इस विषय को लगातार शासन स्तर पर उठाया गया, जिसके परिणामस्वरूप अब परियोजना को मंजूरी मिल गई है।

उन्होंने कहा कि सड़क और कॉजवे निर्माण से विजयपुर सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से बरसात के दिनों में आवागमन की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

यह भी पढ़ें 👉  राजस्थान की महिला पर्यटक के लिए मददगार बनी नैनीताल पुलिस, खोया मंगलसूत्र किया बरामद

सांसद भट्ट ने कहा कि बेहतर सड़क सुविधा मिलने से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी। ग्रामीणों को बाजार, अस्पताल और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

यह भी पढ़ें 👉  योग के साथ मतदाता जागरूकता का महाअभियान, नैनीताल जनपद में S.I.R. को मिला जनसमर्थन

उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना गौलापार क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएगी। परियोजना की स्वीकृति की खबर से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और उन्होंने सांसद अजय भट्ट तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।