उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

पर्यटन विकास पर मंथन, राज्यपाल ने सुनी होटल व बोट कारोबारियों की समस्याएं

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने शुक्रवार को लोक भवन नैनीताल में होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन तथा बोट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक कर पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं, चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में राज्यपाल ने पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, अवस्थापना विकास तथा पर्यटकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सुझाव आमंत्रित किए।

होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के साथ हुई बैठक में राज्यपाल ने कहा कि नैनीताल का प्राकृतिक सौंदर्य और नैनी झील देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती है। ऐसे में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी हितधारकों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि समय की मांग के अनुरूप पर्यटन अवसंरचना को विकसित करना आवश्यक है और सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  हरिद्वार में गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त, महिला की जान गई, 25 घायल

राज्यपाल ने पर्यटन क्षेत्र में आधुनिकीकरण और वैल्यू एडिशन पर जोर देते हुए कहा कि पार्किंग और यातायात की समस्या के समाधान के लिए टनल पार्किंग, मल्टीस्टोरी पार्किंग तथा रोपवे जैसी परियोजनाएं प्रभावी साबित हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि इन विषयों पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।

बैठक के दौरान होटल व्यवसायियों ने शहर में पार्किंग क्षमता बढ़ाने, ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने, रक्षा संपदा की भूमि को पार्किंग के रूप में विकसित करने, पुराने होटलों के पुनर्निर्माण कार्यों को स्वीकृति देने, कुमाऊं क्षेत्र के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन करने तथा नैनीताल को हेली सेवा से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव रखे।

यह भी पढ़ें 👉  गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, वीडियो में ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप

राज्यपाल ने सभी सुझावों और समस्याओं पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि संबंधित विभागों, स्थानीय प्रशासन, मुख्य सचिव तथा मुख्यमंत्री स्तर पर इन मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ प्रस्तावों पर कार्यवाही पहले से ही प्रगति पर है।

इसके उपरांत राज्यपाल ने बोट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर नैनी झील में नौकायन संचालन से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नैनी झील नैनीताल की पहचान और पर्यटन का प्रमुख आकर्षण है। यहां आने वाला लगभग हर पर्यटक नौकायन का आनंद लेता है, इसलिए पर्यटकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें 👉  पर्यटन नगरी की स्वच्छता को मिलेगी रफ्तार, मुख्यमंत्री ने रवाना किए कूड़ा वाहन

बोट संचालकों ने राज्यपाल को बताया कि नौकायन उनके परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। उन्होंने झील किनारे बने बोट स्टैंड पर शेल्टर निर्माण, झील की नियमित सफाई की निगरानी, झील सौंदर्यीकरण तथा संबंधित सड़कों की मरम्मत जैसी मांगें रखीं। साथ ही बताया कि नए काउंटर निर्माण का कार्य स्वीकृत हो चुका है।

राज्यपाल ने कहा कि नैनीताल की पर्यटन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा संबंधित विभागों के माध्यम से उन्हें अमल में लाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में अपर सचिव राज्यपाल रीना जोशी, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट, बोट एसोसिएशन अध्यक्ष राम सिंह बिष्ट सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।