लालकुआं। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बेरीपड़ाव स्थित रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक खाली सरकारी फार्म में महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए जाने के बाद पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच में जुट गई है।
मृतका की पहचान सुनीता (50) पत्नी स्वर्गीय संतपाल, निवासी गौलागेट बेरीपड़ाव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ बेरीपड़ाव क्षेत्र में निवास कर रही थी। उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों का विवाह हो चुका है।
जानकारी के अनुसार सुनीता मंगलवार शाम से घर से लापता थी। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। बुधवार सुबह खुरपिया फार्म क्षेत्र में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में परिजनों ने शव की पहचान सुनीता के रूप में की।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा एवं हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही महिला की गतिविधियों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

