उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

उत्तराखंड पुलिस ने खोया अपना कर्मठ सिपाही, साथी के निधन से भावुक हुआ महकमा

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी/नैनीताल – जनपद नैनीताल पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में तैनात मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद के आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। कर्तव्य पालन के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी तबीयत ब्रेन हैमरेज के कारण बिगड़ी थी।

इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी हल्द्वानी स्थित मोर्चरी पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है तथा परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  विकास भवन में हुई समीक्षा बैठक, सभी ब्लॉकों में MIS अपडेटेशन पर जोर

एसएसपी ने कहा कि दिवंगत पुलिसकर्मी ने अपने लंबे सेवाकाल में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। विभाग उनकी सेवाओं को सदैव स्मरण रखेगा। इस दौरान उन्होंने अंतिम संस्कार के लिए तात्कालिक आर्थिक सहायता भी परिवार को प्रदान की।

पुलिस विभाग के अनुसार दिवंगत मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक निवास बाजपुर ले जाया जाएगा, जहां पुलिस परंपराओं के अनुरूप उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ राजकीय सम्मान देकर अंतिम विदाई दी जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  98.8% अंक हासिल कर हल्द्वानी की बेटी अरिना ने रचा इतिहास, मनोविज्ञान में मिले पूरे अंक

टेक चंद का पुलिस सेवा का सफर करीब 35 वर्षों तक फैला रहा। वर्ष 1991 में पुलिस विभाग में भर्ती होने के बाद उन्होंने विभिन्न इकाइयों में सेवाएं दीं। उन्होंने 09 पीएसी मुरादाबाद, 31 पीएसी रुद्रपुर, अल्मोड़ा तथा नैनीताल में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वर्तमान में वे पुलिस लाइन नैनीताल की परिवहन शाखा में तैनात थे।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल की दुकान से कपड़ा गायब होने के बाद फुटेज खंगालने पर सामने आई घटना, व्यापारियों में चिंता

इस अवसर पर एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी, प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी सहित अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक व्यक्त किया। पुलिस विभाग ने कहा कि टेक चंद की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।