हल्द्वानी – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित “सोशल मीडिया मंथन विथ सीएम धामी” कार्यक्रम में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, डिजिटल वॉलेंटियर्स और युवाओं के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने सोशल मीडिया, रोजगार, संस्कृति, राष्ट्रवाद और उत्तराखंड के विकास से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से जवाब दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, सकारात्मक परिवर्तन लाने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का प्रभावशाली मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज का युवा डिजिटल माध्यमों के जरिए अपनी बात पूरी दुनिया तक पहुंचाने की क्षमता रखता है और उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा मौजूद है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मकता, सत्य और समाजहित के लिए करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि फेक नैरेटिव, भ्रामक सूचनाओं और समाज को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। सोशल मीडिया पर जिम्मेदार व्यवहार और तथ्यपरक जानकारी साझा करना आज प्रत्येक युवा की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया को जनसंवाद का सशक्त माध्यम बनाया है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, नवाचार, खेल, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण फैसले लेकर युवाओं और प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास किया है। साथ ही उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और देवभूमि की पहचान को संरक्षित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने भी अपने सुझाव और अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के सुझावों और सकारात्मक सहभागिता का स्वागत करती है तथा डिजिटल इंडिया के दौर में उत्तराखंड के युवा प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एम्बेसडर बनकर राज्य की सकारात्मक छवि दुनिया के सामने प्रस्तुत करें।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, महापौर गजराज सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

