हल्द्वानी – जनपद नैनीताल में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर चलाए जा रहे “ऑपरेशन लगाम” अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग चालकों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन तथा एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में काठगोदाम पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान चौकी मल्ला काठगोदाम क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों को रोका गया। जांच में दोनों वाहन चालक नाबालिग पाए गए और उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस सहित आवश्यक दस्तावेज भी नहीं मिले। पुलिस जांच में वाहन क्रमशः हरीपुर नायक निवासी अर्जुन जाटव तथा किशनपुर गोलापार निवासी पान सिंह अधिकारी के नाम पंजीकृत पाए गए।

पुलिस ने दोनों वाहनों को सीज करते हुए वाहन स्वामियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199(ए) के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद दोनों नाबालिग चालकों को उनके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया।
इसके अलावा पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान दो वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों के वाहनों को सीज करते हुए संबंधित चालकों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए रिपोर्ट आरटीओ को भेजी गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चालकों में एक किच्छा निवासी बाइक चालक और दूसरा कैंटर चालक शामिल है। इस अभियान में उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक, कांस्टेबल योगेश कुमार और कांस्टेबल भुवन चंद्र शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट कहा कि नाबालिगों को वाहन सौंपना और शराब पीकर वाहन चलाना गंभीर अपराध है। सड़क पर लोगों की जान खतरे में डालने वालों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी जारी रहेगी।

