रामनगर – रामनगर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर और ट्रॉली भी बरामद कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 को भवानीपुर निवासी बृजमोहन ने रामनगर कोतवाली में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के लगभग 70 से 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध चोरी किए गए ट्रैक्टर को ले जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने मैनुअल और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पीरूमदारा क्षेत्र के एक स्टोन क्रेशर में चालक का काम करते थे। इसके बाद पुलिस टीम ने पीरूमदारा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को चोरी किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे, जिसके चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतीक और सद्दाम निवासी ठाकुरद्वारा, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बीरेन्द्र बिष्ट, कांस्टेबल संजय दोसाद, विक्रम सिंह और विनीत चौहान शामिल रहे।

