नैनीताल – उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने सोमवार को लोक भवन नैनीताल में कुमाऊं मंडल एवं नैनीताल जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं, पर्यटन और कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की।
राज्यपाल ने सबसे पहले कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत से मंडल की प्रमुख विकास योजनाओं, उपलब्धियों और दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
बैठक में कुमाऊं आयुक्त ने जानकारी दी कि कैंची धाम के लिए तैयार किया जा रहा बाईपास लगभग पूर्ण हो चुका है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यातायात सुविधा में राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि किच्छा में निर्माणाधीन एम्स सैटेलाइट सेंटर भी अगले कुछ महीनों में तैयार होने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होंगी।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले में राजस्व, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, भूमि विवादों के निस्तारण और होमस्टे संचालन से संबंधित कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नामांतरण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है, जिसके तहत हजारों लाभार्थियों को राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाकर बड़ी संख्या में मामलों का समाधान किया गया। साथ ही भूमि सीमांकन, पैमाइश और अन्य राजस्व विवादों के समाधान के लिए गठित राजस्व प्रवर्तन समिति के माध्यम से भी कई मामलों का निस्तारण किया गया है।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जिले में होमस्टे के नाम पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए कई संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिले की कानून व्यवस्था, पर्यटन सीजन में यातायात प्रबंधन और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नैनीताल आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा पर्यटन सीजन के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से संचालित की जाएं।

