उत्तराखण्ड क्राइम देहरादून

STF की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन सट्टेबाजी कराने वाले गिरोह का खुलासा, लैपटॉप-मोबाइल बरामद

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टेबाजी कराने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बसंत विहार क्षेत्र से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार दुबई से संचालित प्रतिबंधित महादेव एप और रेडीबुक बैटिंग एप से जुड़े बताए जा रहे हैं।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बसंत विहार थाना क्षेत्र स्थित ऋषि विहार कॉलोनी के एक किराये के फ्लैट से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित की जा रही है। सूचना के आधार पर बुधवार रात एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने फ्लैट पर छापा मारा।

यह भी पढ़ें 👉  “ऑपरेशन प्रहार” में रामनगर और बनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त सफलता - दो गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान पांच युवक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा खिलाते हुए पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील शर्मा, संदीप गुप्ता, अकरंद शर्मा, अभिषेक शर्मा निवासी छत्तीसगढ़ तथा संदीप कुमार निवासी बिहार के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे व्हाट्सएप ग्रुप और ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से लोगों को जोड़कर आईपीएल मैचों पर दांव लगवाते थे। पुलिस ने मौके से तीन लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 22 डेबिट कार्ड, एयरटेल एक्सट्रीम फाइबर कनेक्शन सहित ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़ी डिजिटल सामग्री बरामद की है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत देखने पहुंचे आयुक्त दीपक रावत, धीमे काम और गंदगी पर जताई सख्त नाराजगी

पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ थाना बसंत विहार में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में कई बैंक खातों की जानकारी भी सामने आई है, जिनमें करोड़ों रुपये के लेनदेन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इन खातों की गहन जांच कर रही है।

रेडीबुक बैटिंग एप से चल रहा था नेटवर्क

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह “रेडीबुक बैटिंग एप” के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करता था। आरोपियों को एप की यूजर आईडी और पासवर्ड दिल्ली-गुरुग्राम में रहने वाला सुमित यादव उपलब्ध कराता था। सुमित यादव को यह एक्सेस दुबई से मिलता था। इसके बाद आरोपी नए यूजर बनाकर उनसे रकम जमा कराते और सट्टेबाजी कराते थे।

यह भी पढ़ें 👉  भाजपा कार्यकर्ताओं का जोरदार जश्न, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ मनाई जीत की खुशी

सुमित यादव बताया जा रहा मास्टरमाइंड

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस नेटवर्क का मुख्य सरगना सुमित यादव है, जो पहले महादेव बैटिंग एप और उसके संचालक सौरभ चंद्राकर से भी जुड़ा रहा है। भारत में महादेव एप के प्रतिबंधित होने के बाद उसने रेडीबुक बैटिंग एप के जरिए सट्टेबाजी का नेटवर्क शुरू किया। दोनों एप भारत में प्रतिबंधित हैं और दुबई से संचालित किए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।