उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

तल्लीताल कोतवाली में एसएसपी का वार्षिक निरीक्षण, बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शुक्रवार को कोतवाली तल्लीताल का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली, अभिलेखों, शस्त्र अभ्यास तथा थाना व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिसिंग को अधिक चुस्त-दुरुस्त एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण की शुरुआत गार्द सलामी से हुई, जिसे एसएसपी ने उच्च कोटि का बताते हुए पुलिस कर्मियों के टर्नआउट की सराहना की। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक मनोज नयाल द्वारा कोतवाली परिसर, कर्मचारी बैरक, भोजनालय एवं मालखाने का निरीक्षण कराया गया। एसएसपी ने परिसर में साफ-सफाई एवं हाइजीन बनाए रखने तथा पुलिस कर्मियों को गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  तीन राज्यों में जीत का असर, रुद्रपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जीत का उत्सव

निरीक्षण के दौरान आपदा उपकरणों की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्हें हर समय उपयोग के लिए तैयार रखने को कहा गया। वहीं पुलिस कर्मियों का शस्त्र अभ्यास भी कराया गया, जिसमें हथियार खोलने और जोड़ने की प्रक्रिया तथा विभिन्न शस्त्रों की जानकारी परखने का कार्य किया गया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि शस्त्र संचालन में कमजोर पाए गए छह पुलिस कर्मियों को प्रतिदिन पुलिस लाइन में विशेष प्रशिक्षण लेने के निर्देश दिए गए।

शस्त्र अभ्यास में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों में उपनिरीक्षक श्याम सिंह बोरा, उपनिरीक्षक सतीश उपाध्याय, महिला कांस्टेबल लता रावत, कांस्टेबल बृजमोहन, वीरेंद्र कोटाल, दीपक उपाध्याय और चनीराम शामिल रहे।

यह भी पढ़ें 👉  अवैध संबंध बना मौत की वजह, पति को शराब में जहर देकर नहर में फेंका शव

एसएसपी ने अपराध रजिस्टर, माल रजिस्टर, जनरल डायरी, महिला हेल्पडेस्क रजिस्टर, ऑनलाइन शिकायत रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण कर सभी प्रविष्टियों को अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय कर्मियों को सीसीटीएनएस एवं अन्य ऑनलाइन पोर्टलों पर समय से डेटा अपडेट करने के लिए निर्देशित किया गया।

महिला हेल्पडेस्क का निरीक्षण करते हुए महिलाओं से संबंधित शिकायतों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निस्तारण करने पर जोर दिया गया। वहीं माल मुकदमाती वाहनों एवं एनडीपीएस मामलों से संबंधित लंबित कार्रवाई को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के बाद आयोजित सम्मेलन में एसएसपी ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को अनुशासन, साफ-सुथरी वर्दी, नियमित व्यायाम और क्षेत्र में पुलिस विजिबिलिटी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने नशा तस्करी, साइबर अपराध और महिला अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, जनसुनवाई को मजबूत बनाने तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  महिला सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस सतर्क, छात्राओं को दिए सुरक्षा टिप्स

पर्यटन सीजन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और बीट पुलिसिंग को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा अवैध शराब, स्मैक एवं अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।