देहरादून – धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रचलन को लेकर चिंता जताते हुए उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने इसे समाज और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताया है।
उन्होंने कहा कि दून क्षेत्र के कई हिस्सों, विशेष रूप से दून यूनिवर्सिटी, कैनाल रोड और दौड़वाला जैसे इलाकों में युवाओं के बीच ड्रग्स का चलन तेजी से बढ़ रहा है। यह स्थिति अब केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं रह गई है, बल्कि सामाजिक चिंता का विषय बन चुकी है।
इस मुद्दे को लेकर ज्योति रौतेला के नेतृत्व में दून यूनिवर्सिटी से शहीद गिरीश भद्री चौक तक जनजागरण मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए। मार्च के दौरान नशे के खिलाफ लोगों ने एकजुट होकर आवाज उठाई।

उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशे की गतिविधियों का बढ़ना बेहद चिंताजनक है और इस पर तत्काल नियंत्रण जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार न रखें, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें और अपने बच्चों के साथ संवाद बढ़ाकर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए इसे रोकना सभी की जिम्मेदारी है।

