झनकट – विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर गुरुकुल अकैडमी स्कूल, झनकट में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
शिविर का संचालन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की महिला चिकित्सक डॉ. शैलजा पांडेय एवं राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की काउंसलर विजेता पांडेय द्वारा किया गया। डॉ. शैलजा पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विश्व स्वास्थ्य दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम “स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ खड़े रहें” है, जो स्वस्थ समाज के निर्माण में विज्ञान और जागरूकता की भूमिका को दर्शाती है।
उन्होंने बच्चों को स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। साथ ही मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति भी सचेत किया।

वहीं काउंसलर विजेता पांडेय ने विशेष रूप से किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और उन्हें स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेश चंदेल सहित शिक्षकगण—युगल किशोर पंत, वंदना, मनजीत, साक्षी, संगम लता, अंकुर एवं वैशाली गुप्ता—और अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने ऐसे आयोजनों को छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताते हुए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

