नैनीताल– नैनीताल के मंगोली क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान 24 व्यावसायिक गैस सिलिंडरों से भरी एक पिकअप को पकड़ लिया। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर पुलिस ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया है। जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम करीब आठ बजे मंगोली चौकी पर पुलिस चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन को रोका गया। जांच में वाहन से 24 व्यावसायिक गैस सिलिंडर बरामद हुए, जिन्हें काशीपुर से नैनीताल ले जाया जा रहा था। पूछताछ के दौरान चालक सिलिंडरों से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस द्वारा कार्रवाई की बात कहे जाने पर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की सूचना खाद्य पूर्ति विभाग को दी।
मंगलवार को विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी सिलिंडर जब्त कर लिए। इस बीच चालक के परिजन चौकी पहुंचे और पुलिस पर उत्पीड़न व अवैध वसूली के आरोप लगाए। उनका कहना था कि सिलिंडर नैनीताल के स्कूलों और होटलों में आपूर्ति के लिए भेजे गए थे और इसके लिए गेट पास भी बना हुआ है। हालांकि पुलिस द्वारा स्कूलों की लिखित मांग या संबंधित प्रबंधन से पुष्टि करने को कहा गया तो परिजन वहां से चले गए। कोतवाल हेम पंत ने बताया कि पिकअप वाहन को सीज कर दिया गया है और सभी 24 सिलिंडर खाद्य पूर्ति विभाग को सौंप दिए गए हैं। इस मामले में नेहा इंडेन गैस एजेंसी के वाहन चालक हितेश चंद्र निवासी प्रसाद भवन, मल्लीताल के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

