हल्द्वानी – हल्द्वानी में पंचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे की मौत के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार बुजुर्ग सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढों के कारण असंतुलित हो गए और पीछे से आ रहे एक भारी ट्रक की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर चल रहे खुदान कार्य से यातायात बाधित था। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसे जांच का हिस्सा बनाया गया है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 के तहत निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें दुर्घटना के कारणों, संभावित लापरवाही, यातायात नियमों के उल्लंघन तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के उपायों पर 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने पुलिस व संबंधित विभागों को CCTV फुटेज, पंचनामा और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सहित सभी साक्ष्य तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि उनके पास घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो 15 दिनों के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत करें।
घटना के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने ट्रैफिक पुलिस, यूयूएसडीए और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ पंचक्की से चौफला और दो नहरिया क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था को खुदान के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, आवश्यकतानुसार सड़क चौड़ी करने तथा कार्य पूर्ण होने पर सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि शहर में पेयजल व सीवर लाइन बिछाने के कार्य जोरों पर हैं, लेकिन कई स्थानों पर खुदाई के बाद सड़कें दुरुस्त नहीं की गई हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ताजा हादसे ने निर्माण कार्यों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

