उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

देहरादून में ऐतिहासिक पल: राष्ट्रपति मुर्मू आज सुबह 11 बजे संबोधित करेंगी उत्तराखंड विधानसभा….

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन यानी आज वे सुबह 11 बजे राज्य विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के इस ऐतिहासिक संबोधन के साथ उत्तराखंड की नई विकास यात्रा को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

सत्र की शुरुआत राष्ट्रगान से होगी, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी राष्ट्रपति का स्वागत भाषण देंगी। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी राष्ट्रपति के सम्मान में अपना वक्तव्य रखेंगे। इसके बाद राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह के अभिभाषण के पश्चात सुबह 11 बजकर 25 मिनट पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सदन को संबोधित करेंगी।

यह भी पढ़ें 👉  मरीजों से नियमित फीडबैक लेने के निर्देश, अपर सचिव ने परखी आयुष सेवाओं की गुणवत्ता

अपने संबोधन में राष्ट्रपति देश की विकास यात्रा, उत्तराखंड की उपलब्धियों और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प पर प्रकाश डालेंगी। सूत्रों के अनुसार, वे सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से सामूहिक प्रयास के साथ इस लक्ष्य की ओर अग्रसर होने का आह्वान करेंगी।

शाम को नैनीताल के लिए होंगी रवाना, रेड जोन घोषित

सत्र के बाद राष्ट्रपति शाम को देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर के माध्यम से नैनीताल के लिए रवाना होंगी। हल्द्वानी आर्मी ग्राउंड में राष्ट्रपति का हेलिकॉप्टर लैंड करेगा। सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं।

नैनीताल को रेड जोन घोषित किया गया है। जहां-जहां से राष्ट्रपति का काफिला गुजरेगा, उन सभी मार्गों पर आमजन की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।

यह भी पढ़ें 👉  एसएसपी के अभियान का असर, एनआई एक्ट के दो मामलों में वांछित आरोपी गिरफ्तार

राजभवन की 125वीं वर्षगांठ समारोह में होंगी शामिल

राष्ट्रपति नैनीताल में राजभवन की स्थापना के 125 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष समारोह में शामिल होंगी। इस अवसर पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में राष्ट्रपति भवन के गौरवशाली इतिहास और धरोहर को प्रदर्शित किया जाएगा।

4 नवंबर को करेंगी नीम करौली बाबा के दर्शन

राष्ट्रपति मुर्मू मंगलवार, 4 नवंबर को विश्वप्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर पहुंचेंगी और नीम करौली बाबा के दर्शन करेंगी। यह पहला अवसर होगा जब कोई राष्ट्रप्रमुख बाबा के इस दिव्य धाम में पहुंचेगा। नैनीताल के डीएम ललित मोहन रयाल ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

यह भी पढ़ें 👉  शारदा नदी तट का होगा कायाकल्प, बहुमंजिला पार्किंग और बायोडायवर्सिटी सेंटर भी बनेंगे

पहले दिन पतंजलि विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह में हुईं शामिल

दौरे के पहले दिन रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत की।

इस अवसर पर बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने समारोह में 54 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया।

इसके उपरांत राष्ट्रपति ने देहरादून के राष्ट्रपति निकेतन परिसर में फुट ओवर ब्रिज का उद्घाटन किया।