उत्तराखण्ड ज़रा हटके

भीमताल में विकास की बौछार, कैंचीधाम बाईपास 15 जून तक खुलने वाला….

ख़बर शेयर करें -

भीमताल – जनपद नैनीताल में विकास की नई ऊँचाइयाँ छूते हुए प्रदेश सरकार ने जनता के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकास भवन, भीमताल में लोक निर्माण विभाग की 5 महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इन योजनाओं की कुल लागत 12 करोड़ 58 लाख 12 हजार रुपये है। इस मौके पर 4 योजनाओं का शिलान्यास (कुल लागत 945.99 लाख रुपये) और 1 योजना का लोकार्पण (312.13 लाख रुपये) किया गया।

पंचायतों को सशक्त बनाने पर जोर

मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश में पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए 73वें संविधान संशोधन के तहत 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों का हस्तांतरण किया जा रहा है। साथ ही राज्यभर में नए पंचायत भवनों का निर्माण और पुराने भवनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सरकार सड़क कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दे रही है। अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ा जा चुका है। इसके साथ ही दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम-स्टे) विकास योजना के तहत प्रदेश में 5,000 से अधिक होम-स्टे पंजीकृत हो चुके हैं, जिससे 1,118 से अधिक लोगों को लाभ मिला है।

यह भी पढ़ें 👉  सीएम धामी: स्कूली परीक्षा चुनौती नहीं, परिपक्व होने का एक पड़ाव….

कैंचीधाम बाईपास: 15 जून तक खुलेगा यातायात के लिए

बैठक में मंत्री ने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान स्पष्ट किया कि कैंचीधाम बाईपास को श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए 15 जून तक यातायात के लिए खोलना अनिवार्य है। यदि मुख्य 75 मीटर स्पान पुल का निर्माण समय पर नहीं होता है, तो अस्थायी वैली ब्रिज से बाईपास चालू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सड़क निर्माण और चौड़ीकरण में गुणवत्ता और भारी वाहनों के अनुरूप निर्माण पर विशेष जोर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  मेडिकल प्रोटोकॉल न मानने पर डॉक्टर निलंबित, अस्पताल को दंडित किया गया….

सिंचाई, भू-कटाव और नहरों की समीक्षा

सिंचाई विभाग की समीक्षा में मंत्री ने निर्देश दिए कि:

  • क्षतिग्रस्त नहरों और गूलों की मरम्मत की जाए।
  • भीमताल-नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाया जाए।
  • ढुंगसील पहाड़ी में भू-कटाव रोकने के प्रस्ताव तैयार किए जाएँ।
  • झीलों, नदियों और तालाबों से गाद और सिल्ट हटाई जाए।
  • नदियों को वैज्ञानिक तरीके से चैनलाइज किया जाए।

स्वच्छता और कूड़ा निस्तारण पर सख्ती

मंत्री ने पंचायतों से कहा कि गांवों से लेकर मुख्यालय तक कूड़ा निस्तारण प्रभावी ढंग से हो। इसके लिए कॉम्पेक्टर मशीनों का उपयोग किया जाए और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।

यह भी पढ़ें 👉  भवाली में बाईपास के जंगलों की खाई से लावारिस बाइक मिली_आशंकाओं का बाजार गर्म...

होम-स्टे में गुणवत्ता जरूरी

पर्यटन विभाग की समीक्षा में कहा गया कि होम-स्टे में स्वच्छ शौचालय और बेहतर सफाई व्यवस्था अनिवार्य हो। साथ ही कमरों की संख्या बढ़ाने के प्रयास भी जारी हैं।

क्षेत्रीय समस्याओं पर ध्यान

बैठक में विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याएं और सुझाव मंत्री को दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।