देहरादून – अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा महिलाओं के संबंध में दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में शुक्रवार को उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री रेखा आर्य के यमुना कॉलोनी स्थित आवास का घेराव कर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता यमुना कॉलोनी गेट पर एकत्र हुईं और नारेबाजी करते हुए मंत्री के आवास की ओर कूच किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में माहौल तनावपूर्ण रहा।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद अभी तक न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्याकांड में जिस वीआईपी का जिक्र हुआ था, उसका नाम भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी के रूप में सामने आना बेहद गंभीर विषय है। रौतेला ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में प्रदेश में सामने आए कई महिला अपराध मामलों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता रही है और कई मामलों में पीड़ितों को ही प्रताड़ित किया गया।

ज्योति रौतेला ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए कथित बयान— “बिहार से 20-25 हजार रुपये में लड़कियां आसानी से मिल जाती हैं”— की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि यह बयान महिलाओं की गरिमा और अस्मिता पर सीधा हमला है और ऐसी सोच किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हो सकती।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस न केवल इस बयान की निंदा करती है, बल्कि मंत्री रेखा आर्य से भी, महिला सशक्तिकरण मंत्री होने के नाते, सार्वजनिक स्पष्टीकरण की मांग करती है। उन्होंने बताया कि ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस ने थाना डालनवाला में गिरधारी लाल साहू के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग भी की है।
ज्योति रौतेला ने कहा कि यह बयान भाजपा की उस मानसिकता को दर्शाता है, जिसमें महिलाओं की अस्मिता की कीमत लगाई जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर सत्ता से जुड़े लोगों के इस तरह के बयान सरकार की कथनी और करनी में अंतर उजागर करते हैं। महिला कांग्रेस ने इस पूरे प्रकरण में रेखा आर्य और गिरधारी लाल साहू से सार्वजनिक माफी की भी मांग की है।
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महानगर अध्यक्ष उमिला ढौंडियाल थापा, पार्षद कोमल बोरा, संगीता गुप्ता, सविता सोनगर, रॉबिन त्यागी, पिया थापा, अनीता सकलानी, महासचिव पुष्पा पंवार, सुशीला शर्मा, अमृता कौशल, अनुराधा तिवारी, रितेश क्षेत्री, विनीत प्रसाद बंटू, गौरव सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहीं।

