देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण ऑनलाइन दर्ज कर जनगणना प्रक्रिया में सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े प्रदेश के भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़ों का विशेष महत्व है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या और स्थानीय आवश्यकताओं की विश्वसनीय जानकारी जरूरी है। इससे विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक का उपयोग एक महत्वपूर्ण पहल है। ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया में लोगों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होगी और सूचनाओं के संकलन में भी आसानी होगी।

उन्होंने प्रदेशवासियों से निर्धारित अवधि में स्व-गणना पूरी करने और जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों को आवश्यक सहयोग देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक परिवार की सहभागिता से जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इन आंकड़ों के आधार पर आने वाले वर्षों में प्रदेश की विकास संबंधी आवश्यकताओं को समझने और योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे।
इस अवसर पर सचिव जनगणना दीपक कुमार, निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखंड इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार, राजू कुमार बनवारी एवं सहायक निदेशक संजीव कुमार उपस्थित रहे।

