नैनीताल – नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी और पूर्व विधायक स्वर्गीय नारायण सिंह जनतवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। वह नैनीताल जिले के जनतवाल गांव स्थित उनके आवास पहुंचे और दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान सांसद भट्ट ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस कठिन समय में परिवार को ढांढस बंधाया।
राज्य आंदोलन और जनसेवा में योगदान को किया याद

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि स्वर्गीय नारायण सिंह जनतवाल का उत्तराखंड राज्य आंदोलन और जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके संघर्ष, समर्पण और सामाजिक योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उनका निधन समाज और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

