देहरादून – पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के बड़े भाई बृजमोहन सिंह रावत के निधन से परिवार में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों का उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है।
गुरुवार को डिफेंस कॉलोनी स्थित त्रिवेंद्र सिंह रावत के आवास पर बृजमोहन सिंह रावत के अंतिम दर्शन एवं श्रद्धांजलि के लिए सभा आयोजित की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहुंचकर दिवंगत के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे। उन्होंने बृजमोहन सिंह रावत के अंतिम दर्शन कर पुष्प अर्पित किए और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने भी त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे अन्य लोगों ने भी दिवंगत को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।

