उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

भवन मरम्मत से टैक्सी बाइक संचालन तक उठे मुद्दे, राज्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री भावना मेहरा ने बुधवार को नैनीताल प्राधिकरण सभागार में जनसुनवाई कर भीमताल, नैनीताल, भवाली सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने घरों की मरम्मत, टीन शेड निर्माण, दीवार बनाने, छत की मरम्मत तथा भवन मानचित्र स्वीकृति से जुड़ी व्यावहारिक दिक्कतें राज्यमंत्री के समक्ष रखीं। भावना मेहरा ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार समाधान का भरोसा दिलाया।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर में खेल प्रतिभाओं का संगम, जनवरी में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उतरेंगे उत्तराखंड के खिलाड़ी

टैक्सी बाइक संचालन का मुद्दा भी उठा

इस दौरान टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने टैक्सी बाइक संचालन से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस पर राज्यमंत्री भावना मेहरा ने आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती से फोन पर वार्ता कर समस्या के उचित समाधान की बात कही। आईजी कुमाऊं ने भी इस मामले में शीघ्र समाधान निकालने का भरोसा दिलाया।

मॉल रोड से तत्काल हटेगी निर्माण सामग्री

जनसुनवाई में मॉल रोड खुलने के बाद सड़क पर पड़ी रेत-बजरी के कारण लोगों के चोटिल होने और निर्माण सामग्री ताल में जाने से गंदगी फैलने की शिकायत भी सामने आई। इस पर राज्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना को तत्काल निर्माण सामग्री हटवाने और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  विकास के प्रस्तावों के बीच सफाई व्यवस्था पर हंगामा, अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी

जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता

भावना मेहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसेवा और सुशासन के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री का स्पष्ट संकल्प है कि आमजन को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि उनकी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित हो।

यह भी पढ़ें 👉  रिजॉर्ट संचालक के लापता होने पर दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा

उन्होंने कहा कि इसी प्रतिबद्धता के तहत जनसुनवाई के माध्यम से जनता और शासन-प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि जनसमस्याओं का प्राथमिकता से समाधान हो सके। स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे रखने और उन पर त्वरित संज्ञान लिए जाने की पहल की सराहना की।