भीमताल – बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति, उत्तराखंड सरकार के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार, भीमताल में नैनीताल जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन तथा आमजन तक उनके लाभ पहुंचने की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में रामपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश
उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी मानी जाएगी, जब उसका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करें।

उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और क्षेत्रीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि क्षेत्र में जाकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करें, ताकि कमियों की पहचान कर समय रहते सुधार किया जा सके।
जनसेवा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
रामपाल सिंह ने कहा कि जनसेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक अधिकारी को जनहित को ध्यान में रखते हुए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि अधिकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी रश्मि पंत, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेख बिष्ट, जिला खाद्य अधिकारी मनोज कुमार बर्मन सहित श्रम, समाज कल्याण एवं अन्य विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

