उत्तराखण्ड उधम सिंह नगर ज़रा हटके

किसानों को राहत की तैयारी, फसल क्षति की रिपोर्ट जल्द शासन को भेजने के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

ऊधम सिंह नगर – बाजपुर और गदरपुर क्षेत्र में अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से किसानों की फसलों को हुए नुकसान के आकलन में तेजी लाने के निर्देश जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। शुक्रवार को फसल क्षति के आकलन की समीक्षा करते हुए उन्होंने पारदर्शिता के साथ सर्वे पूरा करने और नुकसान की रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने प्राकृतिक आपदा से फसलों को हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए कृषि, उद्यान, गन्ना, राजस्व विभाग और अग्रणी बैंक अधिकारी की संयुक्त टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कर सटीक आकलन करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वे में किसी भी तरह की लापरवाही न हो, ताकि नुकसान की वास्तविक स्थिति सामने आ सके और आगे की कार्रवाई समय पर की जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  कानून व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, नैनीताल में चार लोग जिला बदर

प्रभावित क्षेत्रों में ड्रोन से भी होगा सर्वे

डीएम ने बाजपुर और गदरपुर के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का आकलन करने के लिए ड्रोन सर्वे अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए, जिससे प्रभावित किसानों के नुकसान का सही विवरण तैयार किया जा सके।

किसानों के बिजली बिलों का भी होगा आकलन

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों के किसानों के बिजली बिलों का भी आकलन करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और नुकसान की रिपोर्ट जल्द तैयार करने को कहा गया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में सड़क मरम्मत अभियान तेज, गुणवत्ता पर रहेगी प्रशासन की नजर

समीक्षा बैठक में अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव, मुख्य उद्यान अधिकारी एसके शर्मा, सहायक आयुक्त गन्ना शैलेंद्र सिंह, एआर कोऑपरेटिव हरीश चंद्र खंडूड़ी, एलडीएम कमल कुमार और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।