Uncategorized

हल्द्वानी से नैनीताल तक यातायात नियमों पर शिकंजा, पुलिस ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी/नैनीताल – जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल पुलिस ने परमिट की शर्तों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 258 चालान किए, 73 वाहन सीज किए और पांच ड्राइविंग लाइसेंस/परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश सभी अधीनस्थ अधिकारियों को दिए गए हैं।

एसपी क्राइम/ट्रैफिक के पर्यवेक्षण में चला अभियान

अभियान का संचालन एसएसपी के निर्देशों के क्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में किया गया। इसके तहत जनपद के सभी थाना प्रभारियों, यातायात निरीक्षक हल्द्वानी, नैनीताल, भवाली, टीएसआई रामनगर तथा प्रभारी सीपीयू हल्द्वानी को परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। परमिट की शर्तों और यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

73 वाहन सीज, 72 मोटरसाइकिल शामिल

नैनीताल पुलिस की कार्रवाई में कुल 73 वाहन सीज किए गए। इनमें 72 मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अलावा पांच मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस अथवा परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 258 चालान किए, जबकि संयोजन शुल्क के रूप में 47 हजार रुपये की वसूली की गई।

कार्रवाई पर एक नजर

  • कुल चालान: 258
  • कुल वाहन सीज: 73
  • सीज मोटरसाइकिल: 72
  • ड्राइविंग लाइसेंस/परमिट निरस्तीकरण: 05
  • वसूला गया संयोजन शुल्क: 47,000 रुपये

सीपीयू हल्द्वानी ने सीज किए 24 वाहन

क्षेत्रवार कार्रवाई की बात करें तो सीपीयू हल्द्वानी ने 24 वाहन सीज किए। निरीक्षक यातायात हल्द्वानी और निरीक्षक यातायात भीमताल/भवाली/कैंचीधाम द्वारा नौ-नौ वाहन सीज किए गए।

इसके अलावा थानों की टीमों द्वारा 224 नगद चालान किए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन कराना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे परमिट की सभी शर्तों और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।