उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

साइबर ठगी से बचाव के लिए पुलिस ने विद्यार्थियों और आमजन को किया जागरूक

ख़बर शेयर करें -

मुक्तेश्वर – पुलिस मुख्यालय स्तर से संचालित साइबर सुरक्षा अभियान 2.0 एवं साइबर जागरूकता माह के तहत मंगलवार को थाना मुक्तेश्वर पुलिस ने थाना क्षेत्र में थाना दिवस एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन और थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर विजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने विद्यालयों के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक गुलाब कम्बोज, उप निरीक्षक मंदाकिनी राणा एवं पुलिस टीम ने लोगों को साइबर अपराध के बढ़ते तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्कता बरतने की अपील की। पुलिस ने बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनकी निजी एवं बैंकिंग जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  परतंत्रता से मुक्ति और राष्ट्र निर्माण में गांधी-शास्त्री का योगदान याद किया

फ्री डायमंड और स्किन के नाम पर भेजे जा रहे फर्जी लिंक

पुलिस टीम ने विशेष रूप से ऑनलाइन गेमिंग के दौरान होने वाली साइबर ठगी के बारे में जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि गेम में फ्री डायमंड्स, स्किन या अन्य इनाम दिलाने के नाम पर भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

साथ ही अनजान गेमर्स द्वारा फोटो अथवा व्यक्तिगत जानकारी हासिल करने के प्रयासों के प्रति भी सावधान किया गया। पुलिस ने GRM/MRM पोर्टल, डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए।

ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत

पुलिस ने जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने या देरी करने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी साइबर अपराध की शिकायत की जा सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  गुरु तेग बहादुर स्कूल में निरीक्षण से मचा हड़कंप, प्रवेश और शुल्क संबंधी रिकॉर्ड खंगाले

पुलिस ने कहा कि साइबर ठगी के मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसलिए घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचना देने से नुकसान को कम करने की संभावना बढ़ जाती है।

महिला और बाल सुरक्षा की भी दी जानकारी

कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098 और 112 के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने घरेलू हिंसा, महिला संबंधी अपराधों, कानूनी सहायता और सुरक्षा से जुड़े उपायों के प्रति लोगों को जागरूक किया।

यह भी पढ़ें 👉  स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा: काठगोदाम स्टेशन पर सफाई के साथ चला जागरूकता अभियान

नशे से दूर रहने का भी संदेश

साइबर जागरूकता के साथ पुलिस टीम ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी। नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में बताते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे साइबर अपराधों के प्रति हमेशा सतर्क रहें, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कर पुलिस को सूचना दें।