उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

जसपुर-फाटो और कॉर्बेट में 18 जिप्सियों को अनुमति, 24 महिला संचालकों पर भी बनी सहमति

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – संभागीय परिवहन प्राधिकरण, हल्द्वानी संभाग की बैठक में कुमाऊं मंडल की परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में हुई बैठक में जसपुर-टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों के संचालन को अनुमति प्रदान की गई। इसके अलावा जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों तथा वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन को भी मंजूरी दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा: काठगोदाम स्टेशन पर सफाई के साथ चला जागरूकता अभियान

परमिट प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनाने के निर्देश

बैठक में नए मार्गों पर बस एवं टैक्सी परमिट जारी किए जाने को लेकर अधिकारियों ने विभिन्न प्रस्ताव प्राधिकरण के समक्ष रखे। मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को परमिट प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सरल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परमिट से संबंधित प्रस्तावों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन, परिवहन व्यवसायियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों को परेशानी न हो।

24 महिला जिप्सी संचालकों को अनुमति पर सहमति

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को जिप्सी संचालन की अनुमति जारी किए जाने पर भी बैठक में सहमति बनी। मंडलायुक्त ने कॉर्बेट और अन्य पर्यटन क्षेत्रों में जिप्सियों की आवश्यकता का आकलन करने के लिए वन विभाग से वर्तमान में संचालित जिप्सियों और पर्यटकों की संख्या का विस्तृत विवरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों का परीक्षण करने के बाद आगामी बैठक में जिप्सियों के संचालन से संबंधित आगे का निर्णय लिया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  खाद्य गुणवत्ता से समझौता नहीं, धारी में विभाग ने प्रतिष्ठानों को दिए सख्त निर्देश

निर्धारित रूट से हटकर संचालन पर कार्रवाई

बैठक में विभिन्न मार्गों पर बस संचालन की मांग का भी गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यकता के अनुसार परिवहन परमिट जारी किए जा सकें। साथ ही निर्धारित मार्ग से अलग अथवा निर्धारित रूट के विपरीत वाहनों का संचालन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  पार्षद के घर नौकर की करतूत, परिवार को बेहोश कर सोने के आभूषण लेकर फरार

बैठक में प्राधिकरण सदस्य सुनील शर्मा, ललित सिंह, आरटीओ गुरदेव सिंह, एआरटीओ संदीप शर्मा, विपिन कुमार समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।