उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

देहरादून में देर रात बेकाबू कार ने खड़े वाहनों को मारी टक्कर, महिला की मौत; एक घायल

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई। हादसा देर रात करीब 12:45 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार आई-20 कार ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में दोनों दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस के अनुसार, आई-20 कार संख्या UP14DE 0052 काठबंगला की ओर से कैनाल रोड की तरफ आ रही थी। इसी दौरान चालक के अनुसार कार के ब्रेक नहीं लगे और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों से जा भिड़ा। हादसे के दौरान स्कूटी सवार नैना राजपूत (26) और निधि कश्यप घायल हो गईं।

यह भी पढ़ें 👉  बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, जिला कारागार में सात दिवसीय मोमबत्ती प्रशिक्षण का शुभारंभ

इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल नैना राजपूत पत्नी अभिषेक मेहरा, निवासी डोईवाला, को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।

कार चालक और साथी हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कार चालक सुमित यादव (20), निवासी राजपुर और उसके साथी हाशिम (24), निवासी राजपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें 👉  भारत को विश्व पटल पर सशक्त राष्ट्र बनाने में अटल जी का योगदान अविस्मरणीय: सीएम धामी, पुण्यतिथि पर पूर्व प्रधानमंत्री को किया नमन

पुलिस के अनुसार चालक ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वाहन के ब्रेक नहीं लगने के कारण हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे में महिला की मौत के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें 👉  बनभूलपुरा में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा वार, 370 ग्राम चरस के साथ 25 वर्षीय युवक गिरफ्तार