उत्तराखण्ड चम्पावत ज़रा हटके

‘जागते रहो, तुम जागो जागते रहो’ से साइबर ठगों पर वार, पुलिस ने गीत के जरिए किया लोगों को जागरूक

ख़बर शेयर करें -

चंपावत – साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच चंपावत पुलिस ने आमजन को जागरूक करने के लिए अनूठी पहल की है। पुलिस ने जागरूकता अभियान को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए पुलिसकर्मी एवं क्रिकेटर कौशल उप्रेती के माध्यम से ‘जागते रहो’ नामक जागरूकता गीत प्रस्तुत किया है। गीत के माध्यम से लोगों से साइबर ठगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि में सावधानी बरतने की अपील की गई है।

गीत के मुख्य बोल ‘जागते रहो, तुम जागो जागते रहो’ के माध्यम से लोगों को लगातार सतर्क रहने का संदेश दिया गया है। पुलिस ने गीत के जरिए खास तौर पर लोगों को चेताया है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें, क्योंकि ऐसा करने पर वे ऑनलाइन ठगी का शिकार हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  बेतालघाट के नए थाना भवन की व्यवस्थाएं परखने पहुंचे एसएसपी, दिए जरूरी निर्देश

डिजिटल अरेस्ट से भी सावधान रहने की अपील

जागरूकता गीत में इन दिनों सामने आ रहे ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर अपराध के नए तरीकों को लेकर भी लोगों को सचेत किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या धमकी भरे संदेश पर घबराकर पैसे ट्रांसफर न करें और न ही अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा करें।

चंपावत पुलिस का यह जागरूकता प्रयास सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गीत और वीडियो के माध्यम से साइबर सुरक्षा के संदेश को सरल एवं मनोरंजक तरीके से आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  स्थानीय अनाजों से पौष्टिकता का संदेश, भीमताल में हुआ व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन

साइबर ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर फ्रॉड हो जाता है अथवा उसे किसी ऑनलाइन ठगी का संदेह है तो वह तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराए। इसके साथ ही नजदीकी पुलिस थाने में भी घटना की सूचना देने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  वार्ड 6 में कचरा पृथक्करण की पांच कार्यशालाएं, 100 परिवारों को समझाया स्वच्छता का पाठ

पुलिस ने लोगों से कहा है कि सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है। जागरूक रहें, अपनी गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखें और साइबर ठगों के किसी भी झांसे में आने से बचें।