भीमताल/नैनीताल – जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर पर्यटन विभाग की टीम ने मंगलवार को भीमताल क्षेत्र में संचालित होम स्टे इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 16 होम स्टे इकाइयों की जांच की गई। मानकों का पालन नहीं करने पर तीन इकाइयों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जबकि सात इकाइयों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद आर्या के नेतृत्व में पर्यटन विभाग की टीम ने विभिन्न होम स्टे इकाइयों में पंजीकरण, संचालन, सुविधाओं, स्वच्छता और निर्धारित मानकों का भौतिक सत्यापन किया।
तीन होम स्टे पर 10-10 हजार का जुर्माना
निरीक्षण के दौरान Pio Palace, Lake Mount और Rose Mary समेत तीन होम स्टे इकाइयों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इन इकाइयों पर नियमानुसार 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। अधिकारियों ने संचालकों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

गर्म पानी की सुविधा नहीं मिली, सात को नोटिस
निरीक्षण के दौरान सात होम स्टे इकाइयों में नियमों के अनुरूप गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध नहीं पाई गई। इन संचालकों को तीन दिन का समय देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। नोटिस पाने वालों में सरोज कुमार दुर्गा, श्याम नारायण गुप्ता, रिमानी जोशी, ममता जोशी, अफसर खान और अंशुमन मोहता सहित अन्य शामिल हैं।
वहीं निरीक्षण के दौरान राघवेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह घुराल, तनवेंद्र शेखर, सुरभा होम स्टे और दीप विला होमस्टे में गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध पाई गई। कुछ होम स्टे निरीक्षण के दौरान बंद भी मिले।
पर्यटकों की सुविधा से समझौता नहीं
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद आर्या ने कहा कि पर्यटकों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। सभी होम स्टे संचालकों को पंजीकरण, स्वच्छता, सुरक्षा और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी इकाई में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पर्यटन विभाग की टीम आगे भी होम स्टे इकाइयों का निरीक्षण जारी रखेगी।

