उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

शहीदों को सलाम, तिरंगे को प्रणाम; नैनीताल में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस जनपद नैनीताल में उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जनपद प्रभारी मंत्री खजान दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और वीर नारियों को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता

समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री खजान दास ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करने का अवसर है। उनके त्याग और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नैनीताल समेत पूरे उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ गांव-गांव और प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे तथा प्रदेश का हर व्यक्ति आत्मनिर्भर बने।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पारदर्शिता और निष्ठा के साथ देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड भी विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता लागू की है। महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए भी सरकार लगातार कार्य कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  एससी-एसटी छात्रों के लिए खुलेगा छात्रावास का रास्ता, शासन ने मंजूर किए 9.5 करोड़

उन्होंने प्रदेश को गड्ढामुक्त सड़कों की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

डीएम ने दिलाया कर्तव्य निभाने का संदेश

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही देशवासी आज अपने अधिकारों के साथ स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सभी को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

बच्चों की प्रस्तुति पर मंत्री ने दिए पांच हजार रुपये

समारोह में भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की शानदार प्रस्तुति से समारोह स्थल देशभक्ति के रंग में रंग गया। प्रभारी मंत्री ने बच्चों की प्रस्तुति से प्रभावित होकर उन्हें पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया।

यह भी पढ़ें 👉  आजादी के पर्व पर सुरक्षा का अभेद्य कवच, संदिग्धों और वाहनों पर पुलिस की पैनी नजर

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने उपस्थित लोगों को ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ भी दिलाई।

गांधी चौक से डीएसए मैदान तक गूंजी देशभक्ति

समारोह के बाद प्रभारी मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने तल्लीताल गांधी चौक पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। यहां व्यापार मंडल की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में भी प्रभारी मंत्री ने प्रतिभाग किया।

व्यापार मंडल की ओर से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

इसके बाद अंबेडकर पार्क में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

स्वतंत्रता दिवस पर तल्लीताल गांधी चौक से डीएसए मैदान तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। इसमें प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, स्कूली छात्र-छात्राओं और आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के दौरान देशभक्ति के नारों से नैनीताल गूंज उठा।

ठंडी सड़क पर पौधरोपण, झील में निकली नाव रैली

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वन विभाग की ओर से ठंडी सड़क पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भी प्रभारी मंत्री शामिल हुए। मंत्री, क्षेत्रीय विधायक, कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें 👉  वायरल वीडियो बना हुड़दंगियों की मुसीबत, SSP के निर्देश पर पुलिस ने कसा शिकंजा

वहीं मल्लीताल स्थित बोट स्टैंड से नाव रैली भी निकाली गई, जिसमें प्रभारी मंत्री समेत अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। नैनीताल में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें प्रभारी मंत्री ने स्वयं शामिल होकर स्वच्छता का संदेश दिया।

कमिश्नरी और विकास भवन में भी फहराया तिरंगा

कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने कमिश्नरी कार्यालय नैनीताल में ध्वजारोहण किया। उन्होंने मंडलवासियों और अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

विकास भवन भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने ध्वजारोहण किया। जिलेभर के सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में भी सुबह नौ बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। विभिन्न स्थानों पर प्रभात फेरियां, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रमों के साथ पौधरोपण अभियान आयोजित किए गए।

इस अवसर पर विधायक नैनीताल सरिता आर्या, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य, शांति मेहरा, विमला अधिकारी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, एसपी डॉ. जगदीश चंद्र, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, भाजपा प्रदेश कार्यकारी सदस्य गोपाल रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया, डीएसए सचिव मनोज जोशी समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।