उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

नैनीताल पुलिस का सुरक्षा प्लान तैयार, परीक्षा केंद्रों पर रहेगी चौकस निगरानी

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) द्वारा 18 और 19 जुलाई को आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। दो दिनों तक जनपद के 16 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षाओं में 7,000 से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने कोतवाली हल्द्वानी के सभागार में परीक्षा ड्यूटी में तैनात जोनल, सेक्टर एवं पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और किसी भी गड़बड़ी पर तत्काल सख्त कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें 👉  विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर डीएम का फोकस, अधिकारियों को चेतावनी

18 जुलाई को प्रवक्ता संवर्ग ‘समूह-ग’ (नागरिक शास्त्र) की परीक्षा दो पालियों में हल्द्वानी, मुखानी और लालकुआं के 10 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें 3,997 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं 19 जुलाई को उत्तराखंड उच्च न्यायालय के अधिष्ठान में सहायक समीक्षा अधिकारी, टाइपिस्ट सहित अन्य पदों की परीक्षा हल्द्वानी, काठगोदाम और मुखानी के 6 परीक्षा केंद्रों पर होगी, जिसमें 3,016 अभ्यर्थी भाग लेंगे।

पुलिस ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जोनल एवं सेक्टर अधिकारियों की तैनाती के साथ सहायक सेक्टर अधिकारियों और पर्याप्त पुलिस बल की नियुक्ति की है। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग की जाएगी। सुरक्षा के लिए मेटल डिटेक्टर, सीसीटीवी कैमरे और जैमर सक्रिय रहेंगे, जबकि आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नकल रोकने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पेनटॉर्च उपलब्ध कराई गई है, जिससे ब्लूटूथ और सूक्ष्म ईयर डिवाइस जैसी संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर में उमड़ी भीड़, 257 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में इंटरनेट कैफे, फोटोकॉपी की दुकानें और अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को होटल, लॉज, ढाबों और होम-स्टे की सघन जांच करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा गया है।

एसपी हल्द्वानी ने यातायात पुलिस को भी निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।

यह भी पढ़ें 👉  चाफी विद्यालय में विधिक साक्षरता शिविर, सचिव पारुल थपलियाल ने किया वृक्षारोपण

परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम, साइबर सेल और एसओजी भी पूरी तरह सक्रिय रहेंगी। पेपर लीक की अफवाह, भ्रामक सूचनाओं अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। वहीं कंट्रोल रूम से परीक्षा की रियल-टाइम मॉनिटरिंग कर वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार स्थिति से अवगत कराया जाएगा।

ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद ने भी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा, सीपीयू प्रभारी जगदीश राम, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अभिसूचना मीना पांडे, चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।