उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

जलभराव, टूटी सड़कें और बंद नालियों से परेशान व्यापारी पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट के दरबार

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – ट्रांसपोर्ट नगर सहित शहर की विभिन्न मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष कुंदन बिष्ट के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी से उनके कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शहर की बदहाल व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र की नालियां लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिससे बरसात के दौरान जलनिकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। इसके कारण क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। बारिश का पानी दुकानों तक पहुंचने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनका सामान भी खराब हो रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  चाफी विद्यालय में विधिक साक्षरता शिविर, सचिव पारुल थपलियाल ने किया वृक्षारोपण

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि खराब ड्रेनेज व्यवस्था के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

व्यापारियों ने हल्द्वानी शहर में विभिन्न स्थानों पर निर्माण कार्यों के चलते खुदी सड़कों, बरसात के कारण क्षतिग्रस्त मार्गों तथा बढ़ते सड़क हादसों पर भी चिंता जताई। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण कार्य की धीमी गति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता की सुविधा के लिए चल रहे विकास कार्यों में जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही मुख्य बाजार की सड़कों का निर्माण कार्य आगामी त्योहारों से पहले पूरा कराने की मांग भी की।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री धामी की पहल रंग लाई, हर्बल टी उत्पादन से आत्मनिर्भर बन रहीं ग्रामीण महिलाएं

सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने व्यापार मंडल की मांगों को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों को बना रखा था निशाना, जाली नोट गिरोह पर पुलिस का बड़ा वार

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्स्वाण, प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता, जिला महामंत्री प्रज्ञान भारद्वाज, ट्रांसपोर्ट नगर प्रभारी अश्मित गुजराल, विशाल जुनेजा, राजेश साहू, प्रभजोत चंडोक, भवानी शंकर जोशी, अंकित ऐरी, हरीश भंडारी, योगेंद्र बिष्ट, शुभम साह, कमल रुबाली, शेर सिंह मेहरा, रोहित साह, विक्की संधू सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।