उत्तराखण्ड ज़रा हटके लालकुआं

हरेला पर डौली रेंज का हरित अभियान, 30 हजार पौधे बांटने के बाद अब 5 हजार नए पौधे लगाने का लक्ष्य

ख़बर शेयर करें -

लालकुआँ – उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर तराई पूर्वी वन प्रभाग की डौली रेंज में पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रेंज कार्यालय स्थित नर्सरी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ वन क्षेत्राधिकारी नवीन सिंह पंवार एवं नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी ने पौधारोपण कर किया। इस दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  तीनपानी बाईपास हादसे के कारणों की होगी वैज्ञानिक जांच, एसएसपी ने दिए आवश्यक निर्देश

कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, स्थानीय नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। पूरे परिसर में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजता रहा।

वन क्षेत्राधिकारी नवीन सिंह पंवार ने बताया कि डौली रेंज ने इस वर्ष 5 हजार से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से रेंज द्वारा अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में 30 हजार से अधिक पौधों का वितरण भी किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके वृक्ष बनने तक उनकी नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण दिया जा सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  सट्टा कारोबार पर पुलिस की सख्ती, नकदी और सट्टा पर्चियों सहित आरोपी गिरफ्तार

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। हरेला पर्व पर आयोजित इस अभियान ने प्रकृति संरक्षण और जनसहभागिता का प्रभावी संदेश दिया।

यह भी पढ़ें 👉  चार परिवारों के दर्द का मिलेगा जवाब, तीनपानी हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच