उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

गदरपुर गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा! सोशल मीडिया और चैट्स की जांच में जुटी STF

ख़बर शेयर करें -

देहरादून/रुद्रपुर – उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) द्वारा उधम सिंह नगर के गदरपुर से गिरफ्तार किए गए मोहम्मद सलाउद्दीन से पूछताछ और डिजिटल जांच में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने का दावा किया गया है। जांच एजेंसियां आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय संपर्कों की गहन जांच में जुटी हैं।

एसटीएफ के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से सिग्नल और टेलीग्राम जैसे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर संचालित कई समूहों और चैट्स से जुड़े डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि कुछ चैट्स में कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारधारा, जिहाद, शहादत और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से संबंधित सामग्री के संकेत मिले हैं। हालांकि इन सभी तथ्यों की तकनीकी और फॉरेंसिक जांच अभी जारी है।

यह भी पढ़ें 👉  आस्था के महासंगम का साक्षी बना कैंची धाम, उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

जांच के दौरान कुछ ऐसे संकेत भी मिले हैं, जिनसे आरोपी के संभावित अंतरराष्ट्रीय और सीमापार संपर्कों की संभावना जताई जा रही है। इन संपर्कों की वास्तविकता और उद्देश्य का पता लगाने के लिए विभिन्न सुरक्षा एवं जांच एजेंसियां समन्वित रूप से कार्य कर रही हैं। कुछ डिजिटल चैट्स में हथियारों और विस्फोटक सामग्री से जुड़ी संदिग्ध चर्चाओं की भी जानकारी सामने आई है, जिसकी स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जा रही है।

एसटीएफ के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कुछ चैट्स और संपर्कों को डिलीट किए जाने की बात स्वीकार की है। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक युवक के साथ उसके संपर्कों की जानकारी मिलने पर जांच का दायरा राज्य की सीमाओं से बाहर भी बढ़ाया गया।

यह भी पढ़ें 👉  UKSSSC परीक्षा निष्पक्ष कराने को पुलिस की विशेष निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

अंतरराज्यीय नेटवर्क की संभावनाओं को देखते हुए एसटीएफ की विशेष टीम ने रामपुर पहुंचकर अताउल्ला समीर नामक युवक से पूछताछ की। जांच एजेंसी के मुताबिक उसके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच में कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से उसे प्रभावित करने और कट्टरपंथी विचारधारा की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा था।

एसटीएफ ने बताया कि पूछताछ के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि उसके मोबाइल फोन को विस्तृत जांच के लिए फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेजा गया है। फॉरेंसिक रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पुलिस सतर्क, कैंची धाम में सुरक्षा के विशेष इंतजाम

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि सलाउद्दीन के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच में कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर उसके संपर्कों, गतिविधियों और संभावित नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी जिन लोगों के संपर्क में था, उनकी भूमिका और गतिविधियों की भी गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

फिलहाल पूरा मामला जांच के अधीन है और विभिन्न एजेंसियां डिजिटल, तकनीकी तथा फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हैं।