नैनीताल – 19 जून को प्रस्तावित वीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने कैंची धाम, भवाली और रातीघाट क्षेत्र में विशेष यातायात एवं डायवर्जन योजना लागू करने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम के दौरान यातायात को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विभिन्न मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।
पुलिस प्रशासन द्वारा जारी यातायात योजना के अनुसार वीआईपी फ्लीट के जनपद नैनीताल की सीमा में प्रवेश करने से पूर्व अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से कैंची धाम, भवाली एवं भीमताल आने वाले वाहनों को क्रमशः क्वारब पुल और खैरना पुल पर अस्थायी रूप से रोका जाएगा। फ्लीट के सुरक्षित आवागमन के बाद ही वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी।
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों को रानीबाग-भीमताल मार्ग से उनके निर्धारित गंतव्य तक भेजा जाएगा। इसके अतिरिक्त अन्य भारी और हल्के वाहनों का संचालन भी इसी मार्ग से कराया जाएगा ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम किया जा सके।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो ज्योलीकोट की ओर से आने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर भवाली स्थित मस्जिद तिराहे पर रोका जाएगा।
बाहरी जनपदों एवं अन्य राज्यों से भीमताल मार्ग होते हुए कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग, भीमताल में पार्क कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम एवं भवाली तक पहुंचाया जाएगा।
इसी प्रकार गेठिया-नैनीताल मार्ग से कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भवाली स्थित सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से भी श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा। इस दौरान उक्त मार्ग पर दोपहिया टैक्सी वाहनों का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार वीआईपी फ्लीट के कैंची धाम से प्रस्थान करने के लगभग दस मिनट पूर्व शटल वाहनों को शिप्रा पुल पर रोक दिया जाएगा, ताकि वीआईपी आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। इसके अलावा फ्लीट के आवागमन के दौरान निर्धारित मार्गों पर आवश्यकता अनुसार जीरो जोन व्यवस्था भी लागू की जाएगी, जिसके तहत कुछ समय के लिए सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने समस्त श्रद्धालुओं, पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान का पालन करें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन का कहना है कि आमजन के सहयोग से ही वीआईपी कार्यक्रम और श्रद्धालुओं की यात्रा दोनों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सकेगा।

