लालकुआं – जनपद नैनीताल में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लालकुआं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब के नशे में डंपर चला रहे चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान हल्दूचौड़ क्षेत्र में वाहन संख्या UK04CC2262 के डंपर चालक राजेंद्र पाल पुत्र बाबूलाल निवासी माधव टांडा, पूरनपुर जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) को अत्यधिक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार चालक सार्वजनिक मार्ग पर नशे में भारी वाहन चलाकर आमजन की सुरक्षा को खतरे में डाल रहा था। इस पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185/207 के तहत डंपर को सीज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी एवं कांस्टेबल कुबेर सिंह शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि नशे में वाहन चलाना न केवल स्वयं के लिए बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी खतरनाक है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है।

