उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

उत्तराखंड में रोजगार को लेकर सरकार का बड़ा कदम, 483 युवाओं को मिली नौकरी

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में सिंचाई एवं कृषि विभाग में चयनित 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें सिंचाई विभाग के 473 और कृषि विभाग के 10 पद शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे उत्तराखंड का सपना देखा था, जहां युवाओं की पहचान उनकी मेहनत और प्रतिभा से हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दिए जा रहे नियुक्ति पत्र उसी सोच को आगे बढ़ाने का प्रमाण हैं।

यह भी पढ़ें 👉  जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम, पहले चरण में 10 शहरों में शुरू होगा कार्य

मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया है, जिससे योग्य युवाओं को अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। अब सरकारी नौकरियों में चयन केवल प्रतिभा और मेहनत के आधार पर हो रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार ने करीब 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं।

यह भी पढ़ें 👉  रूद्रपुर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर बड़ा प्लान, ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रदेश की जीएसडीपी विकास दर 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई है तथा प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य में रिवर्स पलायन बढ़ा है और अब युवा पहाड़ों में संभावनाएं तलाश रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  धार्मिक स्थलों पर पहुंचे राज्यपाल, आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति का किया उल्लेख

सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चयनित युवाओं की भागीदारी उत्तराखंड के विकास को नई दिशा देगी। वहीं कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून के बाद मेहनती और पात्र युवाओं को ही नौकरियां मिल रही हैं।

कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, उमेश शर्मा काऊ, महंत दलीप सिंह रावत, प्रमुख सचिव मीनाक्षी सुंदरम, सचिव सुरेंद्र नारायण पांडे, युगल किशोर पंत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।