उत्तराखण्ड क्राइम हल्द्वानी

सरेशाम वारदात से दहशत, हल्द्वानी में महिला के गले से सोने की चेन झपटकर भागे बदमाश

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार शाम मुखानी क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार पॉलीशीट निवासी 60 वर्षीय नीता साह शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे मुखानी नहर कवरिंग रोड पर टहल रही थीं। इसी दौरान जगदंबा बैंक्वेट हॉल के पास पीछे से बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। महिला कुछ समझ पाती उससे पहले ही बदमाश उनके गले से करीब 3.5 तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  दिनेश आर्य के राज्यसभा पहुंचने पर अजय भट्ट ने दी बधाई, उत्तराखंड के विकास को लेकर जताया विश्वास

घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही सीओ सिटी अमित कुमार सैनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश के निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे। वारदात के दौरान महिला का दुपट्टा भी उनके साथ चला गया। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  एक महिला से 14 तक पहुंचा कारवां, ओक तसर रेशम से आत्मनिर्भर बन रहीं पनियाली की महिलाएं

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश दोनहरिया की ओर से आए थे और वारदात को अंजाम देकर मुखानी की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने सीमा क्षेत्रों में भी अलर्ट जारी कर दिया है।

गौरतलब है कि शहर में इससे पहले भी चेन स्नैचिंग और मंगलसूत्र लूट की कई घटनाएं हो चुकी हैं। करीब दो महीने पहले पीपलपोखरा क्षेत्र में वृद्धा से पता पूछने के बहाने मंगलसूत्र लूट लिया गया था, जबकि बिठौरिया क्षेत्र में दुकान में बैठी महिला भी लूट का शिकार हुई थी। इनमें से एक मामले का पुलिस खुलासा कर चुकी है।

यह भी पढ़ें 👉  अराजक तत्वों पर प्रशासन का शिकंजा, चार व्यक्तियों को जिले से बाहर रहने के आदेश

सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।