देहरादून – राजधानी देहरादून में आज सुबह मसूरी रोड के मालसी क्षेत्र में रोड रेज के दौरान फायरिंग की भयावह घटना सामने आई। इस घटना में 74 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के सीने में गोली लगी, जिससे उनकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:39 बजे ब्रिगेडियर अपने साथियों के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। उसी समय दो कारों – दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और काली स्कॉर्पियो – के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद हुआ। स्कॉर्पियो में सवार आरोपियों ने फॉर्च्यूनर कार को रोकने के लिए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के सीने में लग गई।
घटना के तुरंत बाद फॉर्च्यूनर कार जौहरी गांव के पास बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस दौरान स्कॉर्पियो में सवार 10-12 आरोपियों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से कार में मौजूद लोगों पर भी हमला किया, जिससे दो लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, सुबह 6:50 बजे कंट्रोल रूम को फायरिंग की सूचना मिली। सूचना पर एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी और राजपुर थाना की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। आरोपियों की तलाश के लिए पूरे जनपद में नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने का प्रयास कर रही है।
एसएसपी देहरादून ने आम नागरिकों से अपील की है कि तेज रफ्तार और असावधानी से वाहन चलाने से जीवन के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। पुलिस इस मामले में सभी आरोपी व्यक्तियों को पकड़ने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।

