ऊधम सिंह नगर– प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए ग्रीष्मकालीन धान की खेती पर लगी रोक को समाप्त कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह घोषणा करते हुए कहा कि इससे खासकर तराई और दलदली क्षेत्रों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में वर्षों से ग्रीष्मकालीन धान की खेती की जाती रही है। इन इलाकों की भूमि दलदली होने के कारण अन्य फसलों का उत्पादन संभव नहीं है, इसलिए किसानों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इस फैसले के बाद अब किसानों को ग्रीष्मकालीन धान की खेती करने में किसी प्रकार की रोक का सामना नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री के इस निर्णय का जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया है। जिला अध्यक्ष कमल जिंदल और जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने इसे किसानों के हित में लिया गया सराहनीय कदम बताते हुए आभार जताया। किसानों में इस फैसले को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और इसे उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।

