हल्द्वानी– वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चोरगलिया पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को 110 पाउच अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआँ के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह के नेतृत्व में की गई। चोरगलिया पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान युवक के पास से 110 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान सोनू सिंह (26 वर्ष) पुत्र सुरजीत सिंह निवासी सरकारी विद्यालय के पास, ग्राम ददसिया अमर नगर, फरीदाबाद (हरियाणा) तथा हाल निवासी पूर्वी यूक्रोली, थाना सितारगंज, जिला उधम सिंह नगर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 14/2026 के तहत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में अपर उपनिरीक्षक मनजीत सिंह, हेड कांस्टेबल जगदीश सिंह और कांस्टेबल चंदन सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


