हल्द्वानी– शहर के नैनीताल रोड स्थित स्वर्णिका ज्वैलर्स शोरूम से करीब 90 लाख रुपये मूल्य के सोना और हीरे गायब होने का मामला सामने आया है। स्टॉक ऑडिट के दौरान गबन का खुलासा होने के बाद शोरूम के महाप्रबंधक (जीएम) के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।रुद्रपुर (उधम सिंह नगर) के छतरपुर निवासी और एक्यूफैक्स इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नागेंद्र चंद्र भट्ट ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी कंपनी स्वर्णिका ज्वैलर्स का संचालन करती है। हल्द्वानी के नैनीताल रोड स्थित शोरूम की जिम्मेदारी महाप्रबंधक तरुण जैन के पास थी, जिनके पास स्टॉक के प्रबंधन और सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी थी।
कंपनी की ओर से 24 से 28 फरवरी के बीच स्टॉक ऑडिट कराया गया, जिसमें करीब 90 लाख रुपये मूल्य के सोना और हीरे कम पाए गए। ऑडिट के बाद तरुण जैन अवकाश पर चले गए। बताया गया कि वह 5 मार्च को वापस लौटे, लेकिन किसी ग्राहक से मिलने की बात कहकर बाहर गए और फिर वापस नहीं आए। तब से उनके मोबाइल फोन भी बंद बताए जा रहे हैं। कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी तरुण जैन के खिलाफ गबन और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी शोरूम के स्टॉक से ज्वैलरी निकालकर किसी महिला को उपहार के रूप में देता था। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

