नैनीताल– नैनीताल जिला में वन्यजीव हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला भीमताल क्षेत्र से सामने आया है, जहां जंगल में घास काटने गई 60 वर्षीय महिला की खूंखार जंगली जानवर के हमले में मौत हो गई। इस घटना के साथ ही जिले में हाल के दिनों में वन्यजीव हमले में जान गंवाने वाली महिलाओं की संख्या चार हो गई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतका की पहचान गंगा देवी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार वह रोजाना की तरह मवेशियों के लिए चारा लाने जून स्टेट से लगे जंगल में गई थीं। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने वन विभाग को सूचना दी। रातभर वन विभाग और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। शुक्रवार सुबह जंगल में घर से करीब तीन किलोमीटर दूर उनका शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने आशंका जताई है कि हमला किसी खूंखार वन्यजीव द्वारा किया गया है। विभाग ने क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाने, नियमित गश्त बढ़ाने और पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने की घोषणा की है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जंगली जानवरों की सक्रियता बढ़ गई है। बीते दिनों हुई तीन अन्य जानलेवा घटनाओं के बाद से लोग पहले ही भय के साये में जी रहे थे, और अब इस घटना ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आदमखोर वन्यजीव को जल्द काबू करने और जंगल से सटे गांवों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
लगातार हो रहे हमलों ने वन विभाग और प्रशासन की चुनौती बढ़ा दी है। अब सबकी नजर इस पर है कि कब तक इन घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी और ग्रामीणों को इस दहशत से राहत मिलेगी।

