चमोली – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के पीपलकोटी में आयोजित 24वें बंड विकास औद्योगिक, पर्यटन, किसान एवं सांस्कृतिक मेले में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे मेले स्थानीय उत्पादों, लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ किसानों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को अपनी प्रतिभा और उत्पाद प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाले सभी स्मृति-चिन्ह और भेंट अब स्थानीय स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण आजीविका को मजबूती मिल रही है। उन्होंने “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर समस्याओं के समाधान में आमजन की सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल, वन डिस्ट्रिक्ट वन फेस्टिवल और मेड इन इंडिया अभियानों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बद्रीविशाल में मास्टर प्लान के अंतर्गत विकास कार्य, रोपवे निर्माण और रेल परियोजनाएं पर्यटन व अर्थव्यवस्था को नई गति देंगी।

उन्होंने बताया कि एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन और होमस्टे योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 800 से अधिक होमस्टे संचालित हैं और उत्तराखंड तेजी से एक प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में 10 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है और सख्त भू-कानून लागू किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सेमलडाला खेल मैदान के विस्तार, नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग पर पेयजल व आधारभूत सुविधाओं के विकास, ग्वालदम-तपोवन लॉर्ड कर्जन मार्ग का नाम नंदा-सुनंदा मार्ग रखने, राजराजेश्वरी मंदिर कुरुड़ के सौंदर्यीकरण तथा अनसूया देवी मंदिर मंडल में यात्री विश्राम गृह निर्माण की घोषणा की।
कार्यक्रम में थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

